ब्रेकिंग न्यूज
नगला अवैध अतिक्रमण मामले में कमिश्नर दीपक रावत ने किया स्थलीय निरीक्षण

नगला अवैध अतिक्रमण मामले में कमिश्नर दीपक रावत ने किया स्थलीय निरीक्षण
शांतिपुरी। अवैध अतिक्रमण की जद में आ रहे नगला नगरपालिका के करीब 800 परिवारों को एक बार फिर से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। मंगलवार को कुमाऊ कमिश्नर दीपक रावत ने जिलाधिकारी उधम सिंह नगर समेत वन विभाग व लोक निर्माण विभाग के आला अधिकारियों संग स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वन विभाग, राजस्व विभाग, पंतनगर यूनिवर्सिटी तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों तथा जनप्रतिनिधियों से सन् 1965 के राजस्व अभिलेखों तथा वर्तमान स्थिति के परिपेक्ष में नगला की भौगोलिक स्थिति की जानकारियां हासिल की।

कमिश्नर रावत ने कहा कि नगला का पूरा प्रकरण तराई स्टेट फॉर्म, लोक निर्माण विभाग एवं वन विभाग की जमीनों के सीमांकन के बीच फंसा हुआ था। जिसमें आज यह तय किया गया है कि वर्तमान में मौजूद स्टेट हाईवे के मिड सेंटर से दोनों और 50-50 फिट जगह लेने के बाद जो जगह बचती है उसमें सभी संबंधित विभागों की जमीनों का सीमांकन कराने के बाद शेष जगह में नगला नगर पालिका निवासियों की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसमें अगर कोई समस्याएं आड़े आती है तो केंद्रीय एजेंसी से जोग्राफीकल मैपिंग भी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि त्यौहार सीजन के तुरंत बाद हाईवे का चिन्हीकरण कर अतिक्रमण की जद में आ रहे परिवारों से अपना अतिक्रमण स्वत: हटाने की अपील की जाएगी। इस मौके पर उपस्थित पूर्व विधायक राजेश शुक्ला एवं नगरपालिका के चेयरमैन सचिन शुक्ला ने कहा कि नगला मामले में प्रदेश स्तर पर सांसद अनिल बलूनी की अध्यक्षता में मंत्रीमण्डलीय उप समिति बनी थी। जिसमें कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्या एवं विधायकगण की समिति ने कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में अधिकारियों की कमेटी गठित कर नगला हाईवे तथा उससे जुड़े सभी विभागों की सर्वे कराकर नगला नगर पालिका के विकास का रास्ता निकालने की बात कही है। उन्होंने कहा कि नगला के विकास के लिए सरकार ने बजट जारी किया है। इस मामले से जुड़े संबंधित सभी विभागों के जमीनों के सीमांकन की कारवाई पूर्ण होते ही तेजी से विकास कार्यों को अंजाम दिया जाएगा। जबकि इधर अधिकांश लोगों ने 50 फीट के दायरे में आ रहे अपने अवैध निर्माण को स्वत: ही तोड़ना शुरू कर दिया हैं।
इस मौके पर जिलाधिकारी नितिन भदोरिया, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, एसडीएम गौरव पाण्डे, मनीष बिष्ट, ईओ बिजय बिष्ट, फार्म मैनेजर पंतनगर जैन सिंह, तहसीलदार गिरीश चंद्र त्रिपाठी, सुनील रोहेला, बीबी मिश्रा, गोपाल जोशी, सुनील यादव, ज्योति प्रजापति, हरीश जोशी, हरीश पाण्डे, पन्नालाल, नारायण अरमोली, आदि मौजूद रहे।
फोटो। मंगलवार को नगला हाईवे किनारे अवैध अतिक्रमण मामले में स्थलीय निरीक्षण करते कुमांऊ कमिश्नर दीपक रावत।

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.

error: Content is protected !!